बैतूल। बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्राम भरकावाड़ी में खेत के एक कुएँ से 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बिसराम पिता कड़क सिंह (60), निवासी चुनालोमा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिसराम ग्राम भरकावाड़ी में शाकिर अली के खेत में चौकीदारी का काम करता था। वह गुरुवार शाम से लापता था। शुक्रवार सुबह खेत के कुएँ के पास उसकी चप्पल पड़ी मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुएँ में सर्चिंग कराई। कुएँ में गाला डालकर देखने पर बुजुर्ग का शव कुएँ में फंसा हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक को शराब पीने की आदत थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में कुएँ में गिर गया होगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।