राजधानी भोपाल के बिलखारिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कोकता नंबर–4 इलाके में रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति की झोपड़ी में आग लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय संतोष कुमार यादव, पिता बिहारी लाल यादव के रूप में हुई है। वह कोकता नंबर–4 बस्ती का निवासी था और पूर्व में मिस्त्री का काम करता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बस्ती में एक झोपड़ी में अकेला रहता था और आसपास के लोगों से मांगकर भोजन करता था।

सर्दी से बचने के लिए जलाई थी आग
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात तेज सर्दी के कारण संतोष कुमार यादव ने अपनी झोपड़ी के अंदर बिस्तर के पास आग जलाई थी और वहीं सो गया। आशंका है कि सोते समय आग फैल गई, जिससे देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि संतोष को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
पड़ोसियों ने बुझाई आग
रात में झोपड़ी से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक संतोष कुमार यादव की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर बिलखारिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सर्दी में आग से सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सर्दी के मौसम में आग जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खुले स्थान या झोपड़ी में आग जलाना जानलेवा साबित हो सकता है। यह हादसा एक बार फिर गरीब और असहाय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।