सीएम डॉ. मोहन यादव के दौरे से पहले रतलाम–जावरा में सियासी हलच हलचल !

Spread the love

रतलाम/जावरा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रविवार को प्रस्तावित दौरे से पहले रतलाम और जावरा में सियासी माहौल गर्मा गया। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। जावरा में जहां काले झंडे लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, वहीं रतलाम में कांग्रेस नेताओं को हेलीपैड की ओर जाने से रोक दिया गया।

दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को जावरा और रतलाम के दौरे पर हैं। जावरा में वे भावांतर योजना के तहत किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे, जबकि रतलाम में एबीवीपी के अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे। कांग्रेस नेता दोनों ही स्थानों पर स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन जिला प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।

रतलाम में कांग्रेस नेताओं को रोका

रतलाम में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के कार्यालय पर सुबह प्रशासनिक अमला पहुंचा। एसडीएम आर्ची हरित, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और नेताओं से ज्ञापन मांगा। अधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से दिया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने मौके पर ज्ञापन सौंपने से इनकार कर दिया और सीधे मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े रहे।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं को कार्यालय में ही नजरबंद कर दिया गया, ताकि वे हेलीपैड की ओर न जा सकें। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।

जावरा में काले झंडों के साथ प्रदर्शन

जावरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के आगमन के विरोध में काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। जैसे ही कांग्रेसी सड़क पर उतरे, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उठाया गया।

इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हेलीकॉप्टर जावरा हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कांग्रेस का आरोप – जनता की आवाज दबाई जा रही

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा,
“हम शांति पूर्वक मुख्यमंत्री से मिलकर जनता की समस्याओं का ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन जिला प्रशासन नहीं चाहता कि हम उनसे मिलें। हमें नजरबंद कर दिया गया। अगर जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री से नहीं मिलेंगे तो जनता की समस्या किसे बताएंगे?”

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने से उन्हें रोका जा रहा है।

जावरा में किसानों को मिलेंगे 810 करोड़ रुपए

वहीं प्रशासनिक कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जावरा के शासकीय भगत सिंह कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे।
अब तक इस योजना के तहत 6.44 लाख किसानों को कुल 1292 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर एक ओर जहां सरकारी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *