मामूली कहासुनी में सड़क पर बवाल, पत्थरबाजी कर गाड़ियों में तोड़फोड़ !

Spread the love

इंदौर। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में रविवार रात मामूली कहासुनी के बाद सड़क पर जमकर बवाल हो गया। स्कीम नंबर 78 स्थित कोनार्क होटल के सामने दो गुटों के युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। बदमाशों ने बड़े-बड़े पत्थर उठाकर सड़क पर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटर पर सवार तीन युवकों ने दूसरे पक्ष के युवकों के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दूसरे पक्ष के युवक अपनी गाड़ी छोड़कर भागे, जिसके बाद आरोपियों ने उन पर पत्थर फेंके। इस दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मोपेड सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। फिलहाल पकड़े गए युवकों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं। पुलिस उनके एक अन्य साथी की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *