बड़ा बाजार स्थित श्रीराम चौक पर मंदिर के सामने पेशाब घर बनाए जाने को लेकर रविवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ता दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, शिवसेना और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल के सामने इस प्रकार का निर्माण धार्मिक भावनाओं को आहत करता है और यह अनुचित है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार बबलू चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा की, जिसके बाद पेशाब घर के निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया।
इस दौरान अजय दुबे ने कहा कि बड़ा बाजार क्षेत्र को “मिनी वृंदावन” के नाम से जाना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर के सामने पेशाब घर बनने से गंदगी और दुर्गंध फैलेगी, जिससे क्षेत्र की धार्मिक और सामाजिक गरिमा प्रभावित होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस तरह का कोई प्रयास किया गया तो सभी हिंदू संगठन मिलकर आंदोलन करेंगे।
नगर निगम प्रतिनिधि ने आश्वासन दिया कि जनभावनाओं का सम्मान किया जाएगा और वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्था पर विचार किया जाएगा।