इंदौर में 31 दिसंबर को सख्त पुलिस चेकिंग, शराब पीकर वाहन चलाने पर जब्ती, आयोजक भी होंगे जिम्मेदार !

Spread the love

इंदौर में नए साल के जश्न को देखते हुए पुलिस ने 31 दिसंबर को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर के प्रमुख चौराहों के साथ-साथ शेडो एरिया और बाहरी क्षेत्रों में भी सख्त चेकिंग की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी गाड़ियां जब्त की जाएंगी। वहीं, किसी आयोजन में महिलाओं या युवतियों के साथ किसी भी तरह की घटना होने पर आयोजक को भी सह-आरोपी बनाया जाएगा।

31 दिसंबर को शहर में कई जगह नए साल के आयोजन होंगे। होटल, बार-पब, फार्म हाउस और अन्य स्थानों पर पार्टियों का आयोजन किया जाएगा। इसे देखते हुए इंदौर पुलिस ने व्यापक प्लानिंग की है। शहर के भीतर और बाहर दोनों क्षेत्रों में पुलिस चेकिंग पॉइंट लगाए जाएंगे।

चौराहों और एंट्री पॉइंट पर तैनात रहेगा पुलिस बल
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर की रात करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे। शहर के प्रमुख चौराहों और एंट्री पॉइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगा। हर चौराहे पर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जाएगी।

शराब पीकर गाड़ी चलाई तो वहीं छोड़नी पड़ेगी
पुलिस सड़कों पर सघन चेकिंग करेगी। जो भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाया जाएगा, उसकी गाड़ी मौके पर ही जब्त कर ली जाएगी। ऐसे में वाहन चालकों को गाड़ी वहीं छोड़नी पड़ेगी।

31 ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 31 दिसंबर की रात पुलिस 31 ड्रोन कैमरों से निगरानी करेगी। शेडो एरिया, गलियों और संवेदनशील पॉइंट्स पर ड्रोन के जरिए पेट्रोलिंग की जाएगी। कुछ स्थानों पर कैनोपी लगाकर चेकिंग की जाएगी, जहां ब्रेथ एनालाइजर की भी व्यवस्था रहेगी।

आयोजकों की जिम्मेदारी तय
जहां भी आयोजन होंगे, वहां आयोजकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूरा क्षेत्र कैमरों से कवर रहे। साथ ही पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी। यदि किसी आयोजन में महिला, युवती या बच्ची के साथ दुर्व्यवहार या कोई अन्य घटना होती है, तो आयोजक की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसे सह-आरोपी बनाया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिष्ठानों को रात 11:30 बजे बंद करने का निर्धारित समय यथावत रहेगा और इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *