मडखेड़ा धाम में हनुमान कृपा का दिव्य दरबार, दूर-दूर से पहुंच रहे भक्त !

Spread the love

सागर। सागर जिले के राहतगढ़ से लगभग 13 किलोमीटर दूर विदिशा रोड पर स्थित मीरखेड़ी गांव में स्थित श्री मडखेड़ा धाम अब एक प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है। यह धाम साक्षात हनुमान जी की कृपा के लिए प्रसिद्ध है, जहां आने वाले श्रद्धालु अपनी जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की आस लेकर पहुंचते हैं।

पिछले पांच वर्षों से यहां प्रत्येक मंगलवार को दिव्य दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस दरबार का संचालन पंडित पवन पराशर द्वारा सिद्ध संत मौनी बाबा की प्रेरणा से किया जाता है। हर मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दरबार में उपस्थित होकर अपनी मनोकामनाएं रखते हैं।

मौनी बाबा ने यहीं ली थी जीवित समाधि
गांव निवासी और मंदिर के व्यवस्थापक नारायण सिंह कुर्मी ने बताया कि कई सदियों पूर्व सिद्ध संत मौनी बाबा इस स्थान पर पधारे थे। उन्हीं की प्रेरणा से यहां हनुमान जी की विशेष कृपा मानी जाती है। मान्यता है कि मौनी बाबा ने इसी स्थान पर जीवित समाधि ली थी, जिसके बाद से यह धाम चमत्कारों और आस्था का केंद्र बन गया।

दान-दक्षिणा नहीं, सिर्फ सच्ची श्रद्धा
भक्त मनोज तिवारी (निवासी मझेरा) ने बताया कि जो भी व्यक्ति सच्चे मन से इस दरबार में प्रार्थना करता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। इस धाम की विशेषता यह है कि यहां किसी भी प्रकार की दान-दक्षिणा या पूजन सामग्री की मांग नहीं की जाती।

बीमारी से लेकर संतान सुख तक, पूरी हो रहीं मनोकामनाएं
दरबार में पहुंची भक्त अनीता दुबे ने बताया कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी, लेकिन मन में भय था। दरबार में अर्जी लगाने के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ।

वहीं नीतू कुशवाहा और भावना कुशवाहा ने बताया कि लंबे समय तक गर्भधारण न होने से वे निराश थीं। डॉक्टर्स के जवाब मिलने के बाद उन्होंने मडखेड़ा धाम में प्रार्थना की और मनोकामना पूरी होने पर पुनः दरबार में आकर प्रसाद अर्पित किया।

तबादले की अर्जी भी हुई पूरी
विदिशा जिले के निवासी आकाश जैन ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी पत्नी के तबादले के लिए प्रयास कर रहे थे। किसी श्रद्धालु की सलाह पर उन्होंने मडखेड़ा धाम में अर्जी लगाई और कुछ ही दिनों में उनकी पत्नी का तबादला हो गया।

दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु
मडखेड़ा धाम का दिव्य दरबार अब दूर-दूर तक प्रसिद्ध हो चुका है। हर मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह स्थल अब भक्ति, दिव्यता और आस्था का जीवंत प्रतीक बन गया है।

कैसे पहुंचे मडखेड़ा धाम
मंदिर व्यवस्थापक नारायण सिंह कुर्मी ने बताया कि मडखेड़ा धाम सागर जिले के राहतगढ़ ब्लॉक में स्थित है।

  • राहतगढ़ से विदिशा रोड पर 13 किमी
  • सागर से राहतगढ़ होते हुए 55 किमी
  • बीना से खुरई होते हुए 60 किमी
  • भोपाल से विदिशा होते हुए 125 किमी

रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालु खुरई रेलवे स्टेशन उतरकर बस या अन्य साधनों से लगभग 40 किमी की दूरी तय कर धाम तक पहुंच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *