सागर | देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खतौली पिपरिया जैतपुर में पारिवारिक रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में 6 महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। सरेंडर की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खतौली निवासी नितिन पिता प्रहलाद सिंह राजपूत (उम्र 21 वर्ष) और भूपेंद्र सिंह के बीच लंबे समय से पारिवारिक रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते 18 जून की रात दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भूपेंद्र सिंह के पक्ष की ओर से नितिन पर गोलियां चला दी गईं।

सिर में लगी थीं दो गोलियां, इलाज के दौरान मौत
घटना में नितिन के सिर में दो गोलियां लगीं। सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल नितिन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नितिन की मौत हो गई।
चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था हत्या का मामला
इस मामले में फरियादी सौरभ सिंह राजपूत की शिकायत पर देवरी पुलिस ने भूपेंद्र सिंह, लेखन सिंह, धीरज सिंह और पुष्पेंद्र सिंह राजपूत के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शेष तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
दो आरोपियों ने किया सरेंडर, एक अब भी फरार
लगातार दबिश और पुलिस की सख्ती के बीच 6 महीने से फरार चल रहे आरोपी लेखन सिंह और पुष्पेंद्र सिंह ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इसके बाद देवरी थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि हत्या के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी धीरज सिंह अब भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।