इंदौर की घटना के बाद सागर प्रशासन अलर्ट, पेयजल व्यवस्था की सघन जांच शुरू !

Spread the love

सागर।
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की गंभीर घटना के बाद सागर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने और नागरिकों को सुरक्षित व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर में पेयजल सप्लाई पाइप लाइनों की मरम्मत, सघन जांच और पानी की टंकियों की व्यापक सफाई का कार्य शुरू कराया गया है।

नगर निगम द्वारा जानकारी दी गई है कि शनिवार, 3 जनवरी को शहर की सभी पानी की टंकियों की सफाई कराई जाएगी। इस कारण शनिवार को पूरे शहर में जल आपूर्ति बंद रहेगी। शनिवार के स्थान पर अब रविवार को पानी की सप्लाई की जाएगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके।

निगमायुक्त ने ली समीक्षा बैठक

नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने इस संबंध में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, टाटा पेयजल सप्लाई एजेंसी और सेनिटेशन टीम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेयजल सप्लाई में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

निगमायुक्त ने इंजीनियरों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि—

  • शहर में बिछी पेयजल और सीवर पाइप लाइनों की सघन और नियमित जांच की जाए।
  • कहीं भी लीकेज, टूट-फूट या क्रॉस कनेक्शन की स्थिति मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
  • मरम्मत और सुधार कार्य के दौरान संबंधित इंजीनियर की मौके पर उपस्थिति अनिवार्य रहे।

नालियों से हटेंगी पुरानी पेयजल लाइनें

नगर निगम आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पुरानी पेयजल सप्लाई लाइनें बंद कर दी गई हैं, वहां नालियों में पड़े पुराने कनेक्शनों को हटवाया जाए। साथ ही ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां टाटा कंपनी की नई पानी की लाइन और सीवर लाइन एक-दूसरे के अत्यधिक नजदीक हैं। इन संवेदनशील बिंदुओं की बारीकी से जांच कर पाइप लाइनों को चारों ओर से सुरक्षित और दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार से दूषित पानी सप्लाई लाइन में न जा सके।

नालियों में साफ पानी बहा तो होगी कार्रवाई

निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि शहर में अधिकांश घरों के हाउसहोल्ड सीवर कनेक्शन हो जाने से घरों का गंदा पानी सीधे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में जा रहा है, जिससे नालियों में पानी का बहाव लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसी स्थिति में यदि कहीं नालियों में साफ पानी बहता दिखाई दे, तो इसे गंभीरता से लिया जाए। यह लीकेज का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर लीकेज पूरी तरह से ठीक किए जाएं।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सेप्टिक टैंकों की सफाई वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से कराई जाए, ताकि गंदगी और संक्रमण का खतरा न बने।

जल सप्लाई का बदला शेड्यूल

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि शनिवार, 3 जनवरी को सभी पानी की टंकियों की सफाई के चलते राजघाट पेयजल सप्लाई बंद रहेगी।

  • 3 जनवरी की जल सप्लाई अब 4 जनवरी को दी जाएगी।
  • 4 जनवरी को होने वाली सप्लाई 5 जनवरी को की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का आवश्यक भंडारण पहले से कर लें और प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन एहतियाती उपायों में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि इन प्रयासों का उद्देश्य किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से शहरवासियों को सुरक्षित रखना और पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *