सागर।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भीतर बाजार में चोरी की एक और घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक गल्ला दुकान के शटर के ताले तोड़ दिए और दुकान में रखी नकदी सहित जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी को लगी, जिसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी आशुतोष केशरवानी पिता स्व. सुभाषचंद्र केशरवानी (उम्र 23 वर्ष), निवासी लाजपतपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, सागर ने अपने भाई विकास केशरवानी के साथ थाने पहुंचकर चोरी की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि श्रीराम अखाड़ा के सामने भीतर बाजार में उनकी गल्ला दुकान स्थित है, जहां वह नियमित रूप से व्यापार करते हैं।

आशुतोष केशरवानी के अनुसार 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 31 दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 8 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे और शटर खुला पड़ा था। यह देख वे घबरा गए और तुरंत अपने भाई विकास केशरवानी तथा शुभम केशरवानी को इसकी सूचना दी।

तीनों ने मिलकर दुकान के अंदर जाकर जांच की तो पाया कि दुकान में रखी 8 से 10 बोरी दाल की बिक्री से संबंधित करीब 22 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके साथ ही दुकान में रखा एक काले रंग का बैग भी चोरी हो गया, जिसमें मंदिर से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और दुकान की उधारी से संबंधित डायरियां रखी हुई थीं। दस्तावेज चोरी हो जाने से व्यापारी को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

भीतर बाजार जैसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र में चोरी की इस घटना से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना देखी जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले के खुलासे का भरोसा जता रही है।