इंदौर। शहर के एमजी रोड थाना क्षेत्र से ऑनलाइन ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती को शादी का झांसा देकर मैट्रीमोनियल वेबसाइट के माध्यम से करीब 1 लाख 61 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एमजी रोड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार स्नेहलतागंज निवासी निकिता शर्मा की शिकायत पर संदीप वशिष्ठ निवासी गुरुग्राम (हरियाणा) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। निकिता ने कुछ समय पहले एक मैट्रीमोनियल वेबसाइट पर शादी के उद्देश्य से अपना अकाउंट बनाया था, जिसमें उन्होंने संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज किया था।
व्हाट्सऐप पर संपर्क, फिर भरोसे की शुरुआत
मैट्रीमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल देखने के बाद संदीप वशिष्ठ नाम के व्यक्ति ने निकिता से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कुंवारा बताया और शादी की इच्छा जताई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और आरोपी ने युवती का भरोसा जीत लिया।

पहले छोटी रकम, फिर बड़ी ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान आरोपी ने पहली बार निकिता से 1750 रुपए अपने खाते में डलवाए। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर आरोपी ने गूगल कोड और ओटीपी मंगवाए और करीब 53 बार में युवती से कुल 1 लाख 61 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
आरोपी ने यह कहकर पैसे मंगवाए कि उसका डेबिट कार्ड गुम हो गया है और नया कार्ड आने में समय लग रहा है। इसी बहाने वह लगातार पैसों की मांग करता रहा।
शक होने पर आरोपी ने तोड़ा संपर्क
पीड़िता निकिता के अनुसार 26 दिसंबर तक वह आरोपी को बड़ी रकम दे चुकी थी। जब उसने सवाल किया कि डेबिट कार्ड आने में इतना समय क्यों लग रहा है, तो आरोपी ओटीपी से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों का बहाना बनाने लगा। इसके बाद निकिता को ठगी का शक हुआ और उसने आरोपी से ज्यादा जानकारी मांगी। इसी बीच आरोपी ने अचानक संपर्क बंद कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
इसके बाद निकिता ने संबंधित मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और ऑनलाइन आईडी के आधार पर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच के बाद मामला एमजी रोड थाने भेजा गया, जहां आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की लोकेशन और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैट्रीमोनियल वेबसाइट या सोशल मीडिया के जरिए किसी अनजान व्यक्ति पर जल्द भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में ओटीपी, गूगल कोड या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर सेल या पुलिस को सूचना दें।