धार। धार-धामनोद होकर गुजरने वाले मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम जामन घाटी के समीप अंधे मोड़ पर लोडिंग वाहन और कार की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और शव वाहनों में बुरी तरह फंस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बगड़ी स्थित इलेक्ट्रिक बाइक शोरूम के संचालक पवन पटेल गुरुवार को अपने शोरूम से कार द्वारा घर लौट रहे थे। वे ग्राम डोल, धामनोद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जामन घाटी के पास स्थित अंधे मोड़ पर सामने से आ रहे लोडिंग वाहन से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। लोडिंग वाहन धामनोद की ओर से बदनावर जा रहा था।

टक्कर इतनी तेज कि वाहन हुए चकनाचूर
हादसा इतना भयानक था कि कार और लोडिंग वाहन दोनों ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर ही फंस गए। आसपास के ग्रामीणों ने तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
ग्रामीणों और एंबुलेंस टीम की मदद से निकाले गए शव
सूचना मिलते ही नालछा थाना प्रभारी कैलाश बारिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस के कर्मचारी नितेश कारपेंटर और पायलट निर्मल धनगर की मदद से ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इस हादसे में ग्राम डोल, धामनोद निवासी पवन पटेल और लोडिंग वाहन चालक बदनावर निवासी फरीद शाह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बदनावर निवासी दिलीप मोदी (उम्र 48 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर इंदौर रेफर किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांवों में शोक की लहर फैल गई।
अंधे मोड़ पर हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जामन घाटी के इस मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। रात के समय रोशनी की कमी और अंधा मोड़ होने के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, संकेतक लगाने और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।