मुक्तिधाम में चोरी, अज्ञात चोरों ने हैंडपंप की टोंटी और पीतल के बर्तन उड़ाए !

Spread the love

बीना शहर की नई बस्ती स्थित मुक्तिधाम में चोरी की वारदात सामने आई है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मुक्तिधाम परिसर को निशाना बनाते हुए हैंडपंप की टोंटी, पीतल के बर्तन, खंभे पर लगी लाइट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है।

मुक्तिधाम के चौकीदार कालू वाल्मीकि ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के दौरान चोरों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की। हैंडपंप से टोंटी निकाल ली गई, वहीं पूजा और अंतिम संस्कार से जुड़े पीतल के बर्तन भी गायब मिले। इसके अलावा खंभे पर लगी लाइट और अलमारी में रखा कुछ अन्य सामान भी चोरी हो गया।

अंधेरे और निगरानी की कमी बनी वजह

चौकीदार ने बताया कि मुक्तिधाम में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों को मौका मिल जाता है। शाम होते ही यहां असामाजिक लोगों का जमावड़ा लगने लगता है, जिससे चोरी और तोड़फोड़ की आशंका बनी रहती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने यह वारदात की।

सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग

घटना के बाद चौकीदार कालू वाल्मीकि ने नगर पालिका से मुक्तिधाम परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि कैमरे लगने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने परिसर में नियमित निगरानी और बेहतर प्रकाश व्यवस्था की भी जरूरत बताई।

पुलिस ने शुरू की जांच

नई बस्ती पुलिस चौकी प्रभारी डीआर चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुक्तिधाम के चौकीदार द्वारा एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है, वहीं स्थानीय लोगों ने मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *