इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े झपटमारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। इलाके में ही रहने वाले एक बदमाश ने महिला के हाथ से रुपयों से भरी थैली झपट ली, जिसमें एक लाख रुपए से अधिक की नकदी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहचान के आधार पर देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे लूट की रकम की बरामदगी की जा रही है।
सहायता समूह का फंड लेकर खड़ी थी महिला
अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार पीड़िता नारायण खड़ताल (50) निवासी लाल बहादुर शास्त्री नगर एक सहायता समूह का फंड संचालित करती हैं। शनिवार को वे समूह से जुड़ी महिलाओं से नियमित रूप से फंड की राशि एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान उनके हाथ में फंड की नकदी से भरी थैली थी और वे वहीं खड़ी थीं।

मौका पाते ही झपटा थैला, गलियों से भाग निकला
इसी बीच घनश्यामदास नगर निवासी गोटू मौके पर पहुंचा। उसने अचानक महिला के हाथ से रुपयों से भरी थैली झपटी और सकरी गलियों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद महिलाएं कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल हो गया।
महिलाएं घबराईं, पहुंचीं थाने
घटना के समय मौके पर मौजूद शीला सहित अन्य महिलाएं, जो फंड जमा करने आई थीं, झपटमारी से घबरा गईं। इसके बाद सभी महिलाएं सीधे अन्नपूर्णा थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पहले से थी जानकारी, की थी रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को पहले से जानकारी थी कि यहां नियमित रूप से महिलाएं सहायता समूह का फंड जमा करती हैं और उनके पास नकदी रहती है। आरोपी ने पहले इलाके की रेकी की और सही मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
अन्नपूर्णा पुलिस ने देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे झपटमारी की गई रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी के कोई अन्य साथी तो शामिल नहीं थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र की महिलाओं में डर का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बड़ी रकम खुले में लेकर न चलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।