मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने रविवार को आयोजित टाटा मुंबई मैराथन में अपने पूरे परिवार के साथ भाग लिया। इस मौके पर उनकी पूर्व पत्नी किरण राव और बच्चे जुनैद खान, इरा खान और आज़ाद राव खान भी उनके साथ नजर आए। मैराथन पूरी करने के बाद आमिर और किरण ने मीडिया से बातचीत की और मुंबई की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।
पत्रकारों द्वारा शहर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सवाल किए जाने पर आमिर खान ने कहा, “हां, अब क्या करें?” जब उनसे कहा गया कि मुंबईवासी ऐसी स्थिति के आदी नहीं हैं, तो आमिर ने संक्षेप में जवाब दिया, “मुझे पता है।” वहीं किरण राव ने इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए कहा कि प्रदूषण के खिलाफ सभी को मिलकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को इसके कारणों को समझते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी शहर की हवा को बेहतर बनाया जा सकता है। आमिर ने भी उनकी बात से सहमति जताते हुए सकारात्मक योगदान देने की जरूरत पर जोर दिया।

आमिर खान ने बताया कि इस वर्ष मैराथन में शामिल होने के लिए उन्हें उनकी बेटी ने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग और सीनियर सिटिजन कैटेगरी में भाग लेने वाले धावकों का उत्साह देखकर उन्हें गहरी प्रेरणा मिली और उन्होंने हर साल इस आयोजन का हिस्सा बनने की इच्छा जताई। आमिर ने मुंबई की जज्बे और एकजुटता की भावना की भी सराहना की।
गौरतलब है कि टाटा मुंबई मैराथन का यह 21वां संस्करण था, जिसमें रिकॉर्ड 69 हजार से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया। इनमें 65,400 ऑन-ग्राउंड और 3,700 वर्चुअल रनर्स शामिल रहे। मैराथन की शुरुआत और समापन दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हुआ। इस बार हाफ मैराथन के लिए पहली बार मुंबई के नए कोस्टल रोड को रूट में शामिल किया गया।
मैराथन को फुल मैराथन, हाफ मैराथन, ओपन 10K, ड्रीम रन, सीनियर सिटिजन रन और दिव्यांगों के लिए विशेष रन जैसी विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया था। इस आयोजन में राहुल बोस, निकिता दत्ता, डिनो मोरिया, विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज समेत कई अन्य सेलेब्रिटीज भी शामिल हुए।