इंदौर में नगर निगम कर्मचारी पर 31 लाख की ठगी का आरोप !

Spread the love

इंदौर की संयोगितागंज पुलिस ने प्लॉट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने के आरोप में नगर निगम के एक कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी शैलेन्द्र उर्फ चीकू पुत्र प्रदीप दीक्षित नगर निगम में मस्टरकर्मी के पद पर तैनात है और कथित तौर पर अलग-अलग कॉलोनियों में लोगों को सस्ते प्लॉट दिलाने का झांसा देता रहा।

31 लाख रुपए की ठगी का मामला

पुलिस के अनुसार, पारसी मोहल्ला निवासी प्रदीप रायकवार ने शिकायत की कि अगस्त 2023 में उन्होंने अपने परिवार के लिए शैलेन्द्र से प्लॉट खरीदने की बात की। आरोपी ने बिचौली मर्दाना क्षेत्र की कॉलोनी में 600 वर्गफीट का प्लॉट दिखाने का दावा किया। उसने प्लॉट की कीमत 4200 रुपए प्रति वर्गफीट बताई, लेकिन नगर निगम की गरीबी रेखा योजना के तहत 2100 रुपए प्रति वर्गफीट में प्लॉट दिलाने का भरोसा दिलाया।

शैलेन्द्र ने प्लॉट दिखाने और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के नाम पर कई किश्तों में लाखों रुपए लिए, लेकिन न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई और न ही कब्जा दिलाया। आरोप है कि उसने इस दौरान प्रदीप के दस्तावेज और एक कार भी ले ली, जिसे बिना किश्त चुकाए पलासिया क्षेत्र के एक व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया।

अन्य शिकायतें भी सामने आईं

संयोगितागंज पुलिस ने बताया कि युनुस खान (उषागंज छावनी), बनवीर चौहान और आशा चौहान ने भी आरोपी के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई हैं। इन शिकायतों में आरोप है कि शैलेन्द्र ने प्लॉट की खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपए लेकर धोखाधड़ी की।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

संयोगितागंज पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि अब आरोपियों के खिलाफ विस्तृत जांच की जाएगी और अन्य प्रभावित लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने प्लॉट या जमीन की बिक्री/खरीद के नाम पर शैलेन्द्र से पैसे दिए हैं, तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें ताकि ठगी के सभी मामले उजागर किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *