सागर। सागर लोकसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े ने ग्राम सनोधा में ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने और हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अद्यतन करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
लता वानखेड़े ने ग्रामीणों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में मतदाता सूची अद्यतन रखना बेहद जरूरी है ताकि हर योग्य नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं पड़ोसियों के नामों की सूची सुनिश्चित करें और यदि कोई नाम जुड़वाना या अपडेट करवाना हो तो संबंधित बूथ अधिकारी से संपर्क करें।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और ग्रामीणों ने सांसद के मार्गदर्शन में अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। ग्रामीणों ने इस संवाद को बेहद उपयोगी बताते हुए इसे निरंतर आयोजित करने की मांग की।
लता वानखेड़े ने कहा कि ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत यह पहल केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की।