खुरई देहात थाना क्षेत्र के तेवरी गांव में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। बेटे की चाहत और हाल ही में कराए गए नसबंदी ऑपरेशन को लेकर पति व ससुराल पक्ष ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता ज्योति अहिरवार ने बताया कि उसकी शादी को 18 साल हो चुके हैं और वह छह बेटियों की मां है। शादी के समय से ही ससुराल पक्ष लगातार बेटे की मांग करता रहा है और हर बार बेटी होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। करीब छह महीने पहले जब छठी बेटी हुई, तो विवाद और ताने-उलाहने और बढ़ गए।
ज्योति ने बताया कि उसने लगभग एक सप्ताह पहले नसबंदी का ऑपरेशन कराया था। इस फैसले से उसका पति राजेश, सास फूलाबाई और ससुर मुन्ना बेहद नाराज हो गए। बुधवार शाम को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी पति ने ज्योति के ऑपरेशन वाले टांकों वाली जगह पर ही चोट पहुंचाई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मकर संक्रांति पर मायके आई उसकी ननद इमरती बाई ने भी दो दिन पहले बेटे की चाहत को लेकर उसके साथ मारपीट की थी। दर्द और चोटों के कारण ज्योति के परिवार ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।
खुरई पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते मामलों को लेकर सख्ती बरती जाएगी।
इस घटना ने ग्रामीणों और महिलाओं में आक्रोश पैदा किया है और बच्चों की चाहत व पारिवारिक दबाव के कारण महिलाओं पर हो रही प्रताड़ना पर सवाल खड़े कर दिए हैं।