सनराइजर्स ईस्टर्न केप (SEC) ने साउथ अफ्रीका टी-20 लीग (SA20) के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। शुक्रवार को खेले गए क्वालिफायर-2 मुकाबले में सनराइजर्स ने पार्ल रॉयल्स (PR) को 7 विकेट से शिकस्त दी। इसके साथ ही सनराइजर्स लीग के इतिहास में लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
अब रविवार को केप टाउन में होने वाले खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स का सामना प्रिटोरिया कैपिटल्स से होगा। इससे पहले क्वालिफायर-1 में प्रिटोरिया ने ही सनराइजर्स को हराया था, ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है।
पार्ल रॉयल्स 114 रन पर सिमटी
वांडरर्स की धीमी और सूखी पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पार्ल रॉयल्स की टीम महज 114 रन ही बना सकी। सनराइजर्स के स्पिन गेंदबाजों ने पार्ल के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।

बाएं हाथ के स्पिनर सेनुरन मुथुसामी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, जेम्स कोल्स ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक मेडन ओवर समेत 15 रन देकर 1 विकेट लिया। पार्ल रॉयल्स को कप्तान डेविड मिलर की कमी भी खली, जो चोट के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल सके।
काइल वेरेन की जुझारू पारी
पार्ल रॉयल्स की ओर से काइल वेरेन अकेले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने संघर्ष दिखाया। उन्होंने 46 गेंदों पर नाबाद 52 रन की पारी खेली और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। वेरेन ने स्पिनर्स के खिलाफ संभलकर खेलते हुए तेज गेंदबाजों पर रन बटोरे, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला।
क्विंटन डिकॉक की आक्रामक शुरुआत
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। क्विंटन डिकॉक ने पहले ही ओवर से पार्ल के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में 25 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल रहे। हालांकि, वे जल्दी आउट हो गए, लेकिन तब तक मैच सनराइजर्स की पकड़ में आ चुका था।

जेम्स कोल्स का ऑलराउंड प्रदर्शन
गेंदबाजी में प्रभावी रहने वाले जेम्स कोल्स ने बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने महज 19 गेंदों पर नाबाद 45 रन की तूफानी पारी खेली और मुकाबले को एकतरफा बना दिया। कोल्स ने पार्ट-टाइम गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बटोरे और 12वें ओवर में छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। सनराइजर्स ने लक्ष्य 50 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
दूसरी पारी में बदला पिच का मिजाज
मैच का एक अहम पहलू पिच का बदलता व्यवहार रहा। पहली पारी में सनराइजर्स के स्पिनर्स को औसतन 5.1 डिग्री का टर्न मिल रहा था, जिससे बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई। वहीं, दूसरी पारी में पार्ल रॉयल्स के स्पिनर्स को केवल 1.8 डिग्री टर्न मिला। ओस गिरने और पिच के सेट होने से बल्लेबाजी आसान हो गई, जिसका फायदा सनराइजर्स ने पूरी तरह उठाया।
अब सभी की निगाहें रविवार के फाइनल पर टिकी हैं, जहां सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच SA20 का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।