बक्सवाहा नगर परिषद में रिश्वत का खुलासा !

Spread the love

बक्सवाहा (छतरपुर)।
छतरपुर जिले के बक्सवाहा नगर परिषद में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW), सागर की टीम ने नगर परिषद की सीएमओ नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले रिश्वत ली।

शिकायतकर्ता ने की थी तहरीर

बक्सवाहा निवासी हरिराम अहिरवार ने EOW सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीएमओ ने उनसे आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह सौदा 30 हजार रुपए में तय हुआ।

उपयंत्री के माध्यम से रिश्वत ली गई

EOW ने शिकायत का सत्यापन किया और रिश्वत की मांग सही पाई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

सूचना मिलते ही EOW टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान सीएमओ नेहा शर्मा ने सीधे पैसे नहीं लिए, बल्कि उपयंत्री शोभित मिश्रा को पैसे लेने के लिए आगे किया। जैसे ही उपयंत्री ने 30 हजार रुपए की राशि स्वीकार की, EOW टीम ने मौके पर उसे पकड़ लिया।

पंच साक्षियों की मौजूदगी में हुई पुष्टि

ट्रैप कार्रवाई के दौरान पंच साक्षियों की उपस्थिति में उपयंत्री के हाथ केमिकल से धुलवाए गए, जिससे हाथ गुलाबी हो गए और रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। बताया गया कि आवेदक का आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास का आवेदन नगर परिषद में लंबित था।

EOW की टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में EOW सागर की उप पुलिस अधीक्षक उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, आदेश जैन, उप निरीक्षक सोनल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आगे की कार्रवाई

फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। EOW ने मामले की गहन जांच कर भ्रष्टाचार में शामिल अन्य संभावित कर्मचारियों की पहचान करने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *