छतरपुर (नौगांव)।
छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लुगासी गांव में गुरुवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में एक युवक के परिजनों से मारपीट करने की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस दौरान पुलिस पर हमला हो गया। झूमाझटकी में एक आरक्षक और एक 14 वर्षीय नाबालिग घायल हो गए।
घटना का विवरण
घटना गुरुवार रात 11-12 बजे के करीब हुई। बताया गया है कि रवि अहिरवार नामक युवक शराब के नशे में अपने पिता महादेव अहिरवार और माता राजकुमारी के साथ झगड़ा कर रहा था। परेशान परिवार ने इसकी शिकायत लुगासी चौकी में की।
जब माता-पिता अपने परिजनों के साथ चौकी से लौट रहे थे, पुलिस रवि अहिरवार को थाने ले जाने गई। इसी बीच रवि की पत्नी और 14 वर्षीय बेटे कृष्णा अहिरवार ने पुलिस को रोकने का प्रयास किया। उनका दावा था कि उत्पात उनके चाचा ने मचाया, न कि पिता ने।
झूमाझटकी और धक्का-मुक्की में घायल

पुलिस और परिवार के बीच झूमाझटकी और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान आरक्षक जितेंद्र अहिरवार और नाबालिग कृष्णा अहिरवार घायल हो गए। नाबालिग को 6-7 टांके लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि नाबालिग को पुलिस के डंडे से चोट लगी, जबकि पुलिस का कहना है कि हंगामा करने वालों ने पहले पुलिसकर्मी पर हमला किया, और इसी दौरान नाबालिग घायल हुआ।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरक्षक जितेंद्र अहिरवार के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर भी 6-7 टांके लगे हैं।
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि परिवार ने पहले थाने में शिकायत की और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ से अभद्रता की। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के सदस्य पुलिस पर भी हमला बोल दिए। पुलिस ने कहा कि मामले की अग्रिम जांच की जा रही है।
दोनों पक्षों के खिलाफ FIR
नौगांव थाना पुलिस ने परिवार के दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल आरक्षक के बयानों के आधार पर हमलावरों पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी