ट्रम्प–मोदी ट्रेड डील: भारत पर अमेरिकी टैरिफ 50% से घटकर 18% !

Spread the love

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार किया जा रहा था, उसकी औपचारिक घोषणा सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कर दी। इस डील के तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए कुल टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया है।

ट्रम्प ने बताया कि भारत पर लगाया गया 25% रेसिप्रोकल टैरिफ और रूस से तेल खरीदने को लेकर लगाया गया 25% पेनल्टी टैरिफ अब प्रभावी नहीं रहेगा। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि अब भारत पर सिर्फ 18% टैरिफ ही लागू होगा और रूसी तेल को लेकर लगाया गया अतिरिक्त टैरिफ पूरी तरह हटा दिया गया है।


ट्रम्प–मोदी की फोन पर बातचीत के बाद हुआ ऐलान

सोमवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत–अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा की।

ट्रम्प ने दावा किया कि बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं। ट्रम्प के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से तेल खरीदने के विकल्प पर भी विचार करेगा।


‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत 500 अरब डॉलर की खरीद

ट्रम्प ने कहा कि भारत ने ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपए) से अधिक का सामान खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है। इसमें ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य औद्योगिक सामान शामिल होंगे।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि इस डील से न सिर्फ दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते मजबूत होंगे, बल्कि रूस–यूक्रेन युद्ध खत्म करने की दिशा में भी मदद मिलेगी, क्योंकि इससे रूस की ऊर्जा आय पर असर पड़ेगा।


ट्रम्प की सोशल मीडिया पोस्ट में क्या कहा

ट्रम्प ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच रूस–यूक्रेन युद्ध समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

ट्रम्प के अनुसार,

  • भारत रूस से तेल खरीद बंद करने पर राजी हुआ है
  • अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा
  • वेनेजुएला से तेल खरीदने की संभावना पर भी बातचीत हुई

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती और अनुरोध पर अमेरिका और भारत के बीच तुरंत ट्रेड डील पर सहमति बनी, जिसके तहत भारत पर लगाया गया रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया गया है। साथ ही भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।


पीएम मोदी का बयान: 1.4 अरब लोगों की ओर से धन्यवाद

ट्रम्प के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके उन्हें बेहद खुशी हुई है।

पीएम मोदी ने कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% किया जाना भारत के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला है। इसके लिए उन्होंने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का धन्यवाद किया।

मोदी ने आगे लिखा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र मिलकर काम करते हैं, तो इससे लोगों को फायदा होता है और सहयोग के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने भारत–अमेरिका पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की इच्छा भी जताई।


रूस की प्रतिक्रिया: भारत की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं

इस पूरे घटनाक्रम पर रूस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। रूस ने कहा है कि भारत सरकार की ओर से अब तक ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिसमें यह कहा गया हो कि भारत रूस से तेल खरीद बंद करने जा रहा है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस, भारत को लेकर ट्रम्प की टिप्पणियों का विश्लेषण कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली की ओर से इस मुद्दे पर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *