मुंबई।
बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। एक ओर जहां वह हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ और पीरियड रोमांस ड्रामा ‘लव एंड वार’ की तैयारी में जुटी हैं, वहीं अब खबर है कि वह जल्द ही एक नई फिल्म ‘हाउसवाइफ’ का भी हिस्सा बनने जा रही हैं। यह फिल्म रिश्तों और भावनाओं पर आधारित एक ड्रामा होगी।
‘दृश्यम 2’ के निर्देशक करेंगे फिल्म का निर्माण
Variety India की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हाउसवाइफ’ को ‘दृश्यम 2’ के निर्देशक अभिषेक पाठक प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट एक हाउसवाइफ के किरदार में नजर आएंगी, जो उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग बताया जा रहा है।

राजकुमार राव के साथ हो सकती है जोड़ी
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि फिल्म के लीड एक्टर के तौर पर राजकुमार राव से बातचीत चल रही है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अगर यह जोड़ी फाइनल होती है, तो यह पहली बार होगा जब आलिया और राजकुमार राव बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे।
एक्ट्रेस के साथ-साथ को-प्रोड्यूसर भी होंगी आलिया
इस प्रोजेक्ट में आलिया भट्ट केवल मुख्य भूमिका निभाने तक सीमित नहीं रहेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, वह अपनी प्रोडक्शन कंपनी एटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के बैनर तले इस फिल्म की को-प्रोड्यूसर भी होंगी। इस फिल्म के लिए वह अभिषेक पाठक की पैनोरमा स्टूडियोज के साथ सहयोग करेंगी।
अगस्त-सितंबर में शुरू हो सकती है शूटिंग
फिल्म की शूटिंग इस साल अगस्त या सितंबर में शुरू होने की संभावना है। हालांकि, यह प्रोजेक्ट तब फ्लोर पर जाएगा, जब अभिषेक पाठक अपनी अगली फिल्म ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी कर लेंगे।

2027 के लिए भी कई प्रोजेक्ट्स लाइनअप में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया भट्ट 2027 के लिए भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर बातचीत कर रही हैं। इनमें मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘चामुंडा’ का नाम भी शामिल है, जिसे लेकर इंडस्ट्री में काफी चर्चा है।
‘अल्फा’ में दिखेगा आलिया का एक्शन अवतार
आलिया भट्ट की अगली रिलीज फिल्म ‘अल्फा’ होगी, जिसे शिव रावल डायरेक्ट कर रहे हैं। यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, जिसमें आलिया एलिट ऑल-वुमेन कॉम्बैट यूनिट की कमांडिंग ऑफिसर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में उनके साथ शर्वरी वाघ भी अहम रोल में नजर आएंगी।
यह फिल्म YRF स्पाय यूनिवर्स में सेट की गई है और इसमें बॉबी देओल भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

‘लव एंड वार’ में भंसाली के साथ फिर से काम
इसके अलावा आलिया भट्ट, फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म ‘लव एंड वार’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी। यह एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म होगी, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
आखिरी बार ‘जिगरा’ में आई थीं नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट को आखिरी बार वासन बाला की फिल्म ‘जिगरा’ में अभिनेता वेदांग रैना के साथ देखा गया था, जिसमें उनके अभिनय को काफी सराहा गया।