सांदीपनि विद्यालय में प्राचार्य और शिक्षक के बीच विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला !

Spread the love

सागर। शहर के सांदीपनि विद्यालय में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब प्राचार्य और एक शिक्षक के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विवाद होता देख अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। मामले को लेकर प्राचार्य ने गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य विनय दुबे शनिवार को विद्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान माध्यमिक शिक्षक आदित्य पांडेय स्कूल के गेट पर उनसे मिले। यहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि प्राचार्य और शिक्षक के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसको लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।

प्राचार्य विनय दुबे ने गोपालगंज थाने में की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद के बाद शिक्षक आदित्य पांडेय उनके पीछे-पीछे कार्यालय कक्ष तक आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि शिक्षक ने मोबाइल फोन फेंककर मारा, जो पास खड़ी शिक्षिका शीतल जैन को लग गया। इसके बाद मारपीट की गई तथा कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए गए। इतना ही नहीं, कुर्सियों में लात मारकर उन्हें गिरा दिया गया। शोर-शराबा सुनकर अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे, जिन्होंने पूरी घटना देखी और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

वहीं शिक्षक आदित्य पांडेय ने प्राचार्य के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह नियमित रूप से समय पर विद्यालय आते हैं और कक्षाएं लेते हैं। उनका कहना है कि उनकी भतीजी ने प्राचार्य विनय दुबे और उनके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, इसी को लेकर पिछले 19 महीनों से उन पर और उनके परिवार पर दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायतें की जा रही हैं। शिक्षक का आरोप है कि शनिवार को प्राचार्य देरी से आए थे, जिस पर उन्होंने सवाल किया और वीडियो बनाने लगे, इसी दौरान उनका मोबाइल तोड़ दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इसे साजिश बताते हुए अपनी जान को खतरा बताया और सुरक्षा की मांग की है।

गोपालगंज थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें सामने आई हैं। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विद्यालय परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *