देवरी में 6 माह बाद हत्याकांड का खुलासा, पत्नी के प्रेमी ने कर दी थी युवक की हत्या !

Spread the love

सागर: देवरी थाना क्षेत्र में करीब छह महीने पहले लापता हुए युवक के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। लापता युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका शव सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया था। हत्या की इस खौफनाक वारदात को मृतक की पत्नी के पूर्व प्रेमी ने अंजाम दिया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्राथमिक रूप से प्रिंस पिता राजेश वाल्मीकि (22 वर्ष) निवासी लक्ष्मीनगर बहेरिया, सागर के रूप में की जा रही है। प्रिंस अपनी पत्नी तुलसी बाई के साथ देवरी में रह रहा था। 20 अगस्त को वह अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 22 अगस्त को उसकी पत्नी ने देवरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

परिजनों ने जताया था पत्नी के पूर्व प्रेमी पर संदेह

मामले की जांच के दौरान प्रिंस के परिजनों ने उसकी पत्नी के पूर्व प्रेमी शोएब पिता नमाज खान (23 वर्ष) निवासी देवरी पर संदेह जताया था। परिजनों का कहना था कि शोएब और तुलसी बाई के बीच पहले से संबंध थे और इसी कारण वह प्रिंस से रंजिश रखता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने शोएब को निगरानी में लिया।

दो दिन तक पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी

देवरी पुलिस ने शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती दो दिनों तक वह पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा और अलग-अलग कहानियां सुनाता रहा। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो वह टूट गया और उसने हत्या की पूरी साजिश और वारदात का खुलासा कर दिया।

पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की रात प्रिंस वाल्मीकि शराब के नशे में देवरी के गांधी वार्ड स्थित सनसाईन स्कूल के पीछे बने ग्राउंड में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसे अकेला पाकर उसने मौका देखकर पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पास ही बने एक सेप्टिक टैंक में धकेल दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

आरोपी ने कबूल किया कि मृतक की पत्नी के साथ उसके अवैध संबंध थे और वह प्रिंस को रास्ते से हटाना चाहता था। इसी मंशा से उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।

सेप्टिक टैंक से नरकंकाल के अवशेष बरामद

आरोपी के बयान के बाद पुलिस उसे लेकर मौके पर पहुंची। सोमवार रात सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई गई, जहां से मानव कंकाल के अवशेष बरामद किए गए। मौके से खोपड़ी, हड्डियां और अन्य अवशेष जब्त किए गए हैं।

नरकंकाल मिलने की सूचना पर सागर से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और अवशेषों को जांच के लिए सुरक्षित किया।

डीएनए जांच से होगी मृतक की पुष्टि

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में बरामद नरकंकाल लापता प्रिंस वाल्मीकि का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। कंकाल के अवशेष लैब भेज दिए गए हैं। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद मृतक की पहचान पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी शोएब के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस खौफनाक हत्याकांड को लेकर स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *