रोहतक के मयंक चौधरी ने टी-20 वर्ल्ड कप में UAE टीम के लिए खेलते हुए दिखाई धमाकेदार बल्लेबाजी !

Spread the love

रोहतक। रोहतक के गांव घिलौड़ के रहने वाले मयंक चौधरी ने टी-20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुकाबले में UAE टीम की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन किया। 16वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए मयंक ने केवल 13 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन बनाए। यह छोटी पारी होने के बावजूद मैच के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हुई।

मयंक चौधरी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दौरान लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में मिचेल सेंटनर को कैच थमा दिया। हालांकि उनके शॉट ने UAE के स्कोर को तेजी से बढ़ाया और टीम को मुकाबले में मजबूती प्रदान की।

10 साल की उम्र में शुरू किया क्रिकेट

मयंक ने मात्र 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने गवर्नमेंट मॉडल स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और बाद में DAV कॉलेज, चंडीगढ़ से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल की। पढ़ाई और खेल के बीच सामंजस्य बनाए रखते हुए उन्होंने लगातार क्रिकेट में खुद को साबित किया।

नेशनल टूर्नामेंट से लेकर UAE टीम तक

मयंक ने स्कूल के अंडर-14 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 लेवल पर नेशनल टूर्नामेंट खेला। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से सीनियर टूर्नामेंट में भी उन्होंने भाग लिया। इसके अलावा मयंक श्रीश्री क्रिकेट अकादमी, पंचकूला की टीम से भी खेलते रहे।

हरियाणा की रणजी टीम में चयन न होने के बाद मयंक ने 2021 में दुबई का रुख किया। वहां उन्हें दुबई डेयर डेविल्स क्लब में खेलने का मौका मिला। लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें UAE की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली और पिछले दो एशिया कप में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

संघर्ष और समर्पण का उदाहरण

मयंक ने हरियाणा की रणजी टीम के 2017 और 2018 के कैंप में भाग लिया, लेकिन चयन नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी प्रतिभा को और निखारते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जगह बनाई।

मयंक चौधरी की यह पहली टी-20 वर्ल्ड कप पारी न केवल उनके लिए बल्कि रोहतक और हरियाणा क्रिकेट के लिए गर्व का विषय बनी है। उनके फैन्स और स्थानीय लोग इस प्रदर्शन से बेहद खुश हैं और भविष्य में उनके और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *