सागर। विकासखंड खुरई की ग्राम पंचायत बरोदिया नौ नगर में कृषि रथ पहुंचा, जहां किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त एसएडीओ भगवान सिंह ठाकुर ने पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने किसानों को नरवाई न जलाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे भूसा तैयार किया जा सकता है। इसके बाद गहरी जुताई कर बची हुई नरवाई को मिट्टी में मिलाने से भूमि में कार्बन की मात्रा बढ़ती है और मिट्टी की उर्वरता में सुधार होता है।

उन्होंने संतुलित उर्वरकों के उपयोग, जैविक खेती अपनाने तथा कृषि यंत्रों के उपयोग से पहले उनकी उचित मेंटेनेंस की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन बुकिंग की प्रक्रिया के बारे में किसानों को जानकारी दी और बताया कि इससे उन्हें पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं मिल सकेंगी।
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।