सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में कचरा और नाली के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई और 60 वर्षीय पुरुषोत्तम यादव की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को फरियादिया गुड्डन पत्नी पुरुषोत्तम यादव (55 वर्ष) निवासी धर्माश्री अंबेडकर वार्ड ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मकान निर्माण कार्य और कचरा-नाली को लेकर पड़ोसियों से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना की रात करीब 9:30 बजे आरोपी घर के सामने आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान पुरुषोत्तम यादव को गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया:
- गोपीलाल उर्फ मुन्ना पिता गुलाब सिंह यादव (63 वर्ष)
- नरेंद्र पिता गोपीलाल यादव (39 वर्ष)
- सुरेंद्र पिता गोपीलाल यादव (41 वर्ष)
- मनोज उर्फ बाबू पिता कड़ोरीलाल यादव (47 वर्ष)
सभी निवासी धर्माश्री अंबेडकर वार्ड, सागर
आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयुक्त लाठी भी जब्त कर ली गई।
पुलिस का बयान
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। आगे की जांच जारी है।