ग्वालियर | केंद्र सरकार ने पीएम ई-बस सेवा की शेष 40 बसों को शहर में 7 मीटर की बजाय 9 मीटर लंबी बस के रूप में चलाने की स्वीकृति दे दी है। इससे पहले ग्वालियर में कुल 100 पीएम ई-बसें आवंटित की गई थीं, जिनमें से 60 बसें पहले ही 9 मीटर की और 40 बसें 7 मीटर की थीं।
नगर निगम की ओर से गठित समिति ने शहर की सड़कों और ट्रैफिक की भौगोलिक स्थिति का सर्वे कर रूट तय किया था। समिति की सिफारिश के आधार पर 40 बसों को भी 9 मीटर लंबी करने का प्रस्ताव नगर निगम ने प्रदेश एवं केंद्र शासन को पिछले साल भेजा था। इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार की मोहर मिल गई है, जिससे शहर में सभी ई-बसें समान लंबाई की हो जाएंगी।

नगर निगम आयुक्त ने पत्र में बताया कि संयुक्त दल ने निरीक्षण किया था और पाया कि ग्वालियर की सड़कों और भौगोलिक संरचना के अनुरूप 9 मीटर मिडी बसों का संचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से संभव है।
ग्वालियर को केंद्र सरकार द्वारा कुल 100 ई-बसें आवंटित की गई हैं। इनमें से 60 बसों का टेंडर ग्रीन सेल मोबिलिटी कंपनी को दिया जा चुका है। कंपनी के अधिकारी जल्द ही शेष बसों के संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं पर चर्चा करेंगे।
नगर निगम और स्थानीय प्रशासन का मानना है कि 40 शेष बसों के 9 मीटर लंबी होने से यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। इस कदम से शहर में पीएम ई-बस सेवा का असर और भी अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो जाएगा।