सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में महाविद्यालय स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का चरणबद्ध एवं त्वरित निराकरण करना है। महाविद्यालय स्तर पर यह अभियान 12 जनवरी से प्रारंभ होकर 31 मार्च तक संचालित किया जा रहा है।
बैठक में अभियान के प्रभारी जिला कलेक्टर द्वारा नामित जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव प्रदान किए।

समाधान शिविर और हेल्पडेस्क की जानकारी
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु गठित समिति की गतिविधियों की जानकारी दी। समिति के संयोजक डॉ. विकास चन्द्र त्रिपाठी तथा सदस्य डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. अवधेश प्रताप सिंह और सुश्री अनुष्का राजे द्वारा बताया गया कि महाविद्यालय में विशेष समाधान शिविर, जनसुनवाई, हेल्पडेस्क तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का त्वरित निराकरण लगातार किया जा रहा है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को संस्थान में ही आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।

विद्यार्थियों से सीधे संपर्क पर जोर
जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द जैन ने आगामी चरणों में अभियान को और प्रभावी बनाने हेतु विद्यार्थियों से नियमित संवाद स्थापित करने, शिकायतों का समयबद्ध समाधान तथा रिकॉर्ड संधारण को मजबूत करने पर बल दिया।

योजना अधिकारी अभय श्रीवास्तव ने सीएम हेल्पलाइन से जुड़े प्रकरणों के निराकरण के लिए विद्यार्थियों से सीधे संपर्क करने की बात कही, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान हो सके और विद्यार्थियों को भटकना न पड़े।
अनेक प्राध्यापक रहे उपस्थित
बैठक में डॉ. विनय शर्मा, डॉ. अमर कुमार जैन, डॉ. राना कुंजर सिंह, डॉ. प्रकाश कुशवाहा, डॉ. रेणु सोलंकी, संजीव खटीक, चन्द्रप्रकाश पांडे सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।