सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं इलाके में बारात के दौरान 15 वर्षीय बैंड वादक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद वारदात में उपयोग की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ‘राई’ की धुन नहीं बजाने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग को गोली मारी गई थी।
बारात में चल रहा था नाच-गाना, अचानक चली गोली
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी को सोनी परिवार की बारात गोला कुआं के पास से गुजर रही थी। बारात में नाच-गाना चल रहा था और 15 वर्षीय विवेक बंसल बैंड बजा रहा था। इसी दौरान किसी ने उसके सीने पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल विवेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बारात में शामिल लोग दहशत में आ गए।
दो दिन तक पुलिस को करता रहा गुमराह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फुटेज खंगाले गए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही प्रशांत पटेल को हिरासत में लिया।
दो दिन तक चली पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया।

तालाब में फेंकने की बात, बाद में पिस्टल बरामद
आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने पिस्टल दुबे तालाब में फेंक दी। पुलिस ने तालाब में सर्चिंग भी कराई, लेकिन हथियार नहीं मिला। दोबारा पूछताछ में आरोपी ने अपना बयान बदला, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली। मामले में एक सह-आरोपी को भी नामजद किया गया है।
गाने को लेकर हुआ था विवाद
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा के अनुसार जांच में सामने आया कि बारात के दौरान गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में विवेक को गोली मारी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांची जा रही है।