खुरई: सरपंच पर मंदिर की राशि गबन का आरोप !

Spread the love

खुरई जनपद की ग्राम पंचायत गोलनी में सरपंच मनोज राय पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि सरपंच ने गांव के एक निजी मंदिर को सरकारी सामुदायिक भवन दिखाकर सरकारी खजाने से ढाई लाख रुपए निकाल लिए।

ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की

आक्रोशित ग्रामीणों ने इस मामले में एसडीएम मनोज चौरसिया के कार्यालय पहुंचकर शिकायत की और सरपंच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

निजी मंदिर को बनाया ‘सरकारी भवन’

ग्रामीणों के अनुसार, बेरखेड़ी गांव के अहिरवार समाज ने अपनी निजी भूमि पर संत रविदास महाराज का भव्य मंदिर बनाया था। यह मंदिर वर्षों तक समाज के सहयोग और निजी चंदे से बनकर हाल ही में पूर्ण हुआ।

आरोप है कि सरपंच मनोज राय ने नया सामुदायिक भवन बनाने के बजाय, इसी मंदिर को सरकारी रिकॉर्ड में सामुदायिक भवन के रूप में दर्ज कराकर ढाई लाख रुपए की राशि स्वीकृत करवाई और निकाल ली।

मंदिर पर लिखा ‘सामुदायिक भवन’

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब सरपंच ने मंदिर की दीवारों पर पीला रंग पुतवा कर उस पर ‘सामुदायिक भवन’ लिखवा दिया। यह देखकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

समाज के लोगों का कहना है कि जिस मंदिर को उन्होंने अपनी मेहनत और पाई-पाई जोड़कर बनाया, उसे सरपंच ने कागजों पर सरकारी संपत्ति बताकर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। ग्रामीणों ने सरपंच पर राशि के गबन का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

खुरई एसडीएम मनोज चौरसिया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत के आधार पर मौके का निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यदि सरपंच दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *