छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा कस्बे में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय शिक्षक विपिन चौरसिया की मौत हो गई। हादसा थाना परिसर के ठीक सामने हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
शाम की सैर बनी आखिरी सफर
जानकारी के अनुसार ऊजरा में पदस्थ शिक्षक विपिन चौरसिया रोजाना की तरह शाम को टहलने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महोबा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अल्टो कार ने सड़क किनारे टहल रहे विपिन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार टक्कर मारने के बाद करीब 50 फीट तक उन्हें घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना थाना परिसर के पास होने के कारण थाना प्रभारी रीता सिंह के निर्देश पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। डायल-112 के आरक्षक योगेश रिछारिया और पायलट उदयभान ने घायल शिक्षक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर अदिति अग्रवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं।
वाहन जब्त, चालक फरार

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बताया गया है कि दुर्घटना के समय कार में एक बच्ची भी मौजूद थी, जो घायल हुई है और उसका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। अस्पताल से एमएलसी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन रिपोर्ट मिलते ही नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में शोक की लहर
शिक्षक विपिन चौरसिया की अचानक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए थे। शिक्षकों और परिचितों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।