सागर जिले के बीना स्थित कृषि उपज मंडी में शुक्रवार देर शाम चोरी की एक घटना सामने आई है। यहां मसूर बेचने आए एक किसान के ट्रैक्टर के टूलबॉक्स से 1 लाख 68 हजार रुपए चोरी हो गए। घटना के बाद मंडी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मसूर बेचकर मिले थे 2.18 लाख रुपए
जानकारी के अनुसार जगपुरा गांव निवासी प्रेम सिंह लोधी (38) शुक्रवार को अपनी मसूर की फसल बेचने के लिए बीना कृषि उपज मंडी पहुंचे थे। उन्होंने डाक नीलामी में 34 क्विंटल 90 किलो मसूर बेची, जिसकी कुल कीमत 2 लाख 18 हजार रुपए लगी।

मंडी में उन्हें देर शाम 1 लाख 68 हजार रुपए नकद मिले। किसान ने यह राशि अपने ट्रैक्टर के टूलबॉक्स में रख दी और दूसरी ट्रॉली के भुगतान लेने के लिए मंडी में ही दूसरी जगह चला गया।
लौटने पर टूलबॉक्स से गायब मिले रुपए
जब प्रेम सिंह लोधी वापस अपने ट्रैक्टर के पास पहुंचे तो टूलबॉक्स में रखे पैसे गायब थे। यह देखकर वह घबरा गए और आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मंडी में इस घटना को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर बीना पुलिस मंडी पहुंची और मामले की जांच शुरू की। किसान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

किसानों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद बड़ी संख्या में किसान थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। किसानों का कहना है कि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मंडी परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।