हर घर जल योजना में ग्राम पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण: प्रमुख सचिव पी. नरहरि !

Spread the love

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने कहा है कि हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सागर संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए अपूर्ण निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए और उन्हें ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए।

प्रमुख सचिव ने यह निर्देश वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए इसके कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के हस्तांतरण के बाद ग्राम पंचायतों के सचिवों को संचालन और प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि योजना का बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।

समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने सागर और छतरपुर जिले में अधूरे निर्माण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को 31 मार्च तक पूर्ण कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए। साथ ही उन्होंने सागर संभाग के कमिश्नर और कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे योजना के कार्यों की लगातार समीक्षा करें और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि पाइपलाइन से संबंधित सभी जानकारियां पीएम गति शक्ति पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड की जाएं। इसके लिए विभाग के मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने बताया कि हर घर जल योजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा संभाग और जिला स्तर पर नियमित रूप से की जा रही है। अब जिला पंचायत स्तर पर भी इसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।

इस दौरान प्रमुख सचिव ने जल जीवन मिशन 2.0 की भी जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार ने हाल ही में इस योजना को स्वीकृति दी है। बैठक में प्रभारी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरती यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *