जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 141 में बनाए गए इस कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07582-224543 है, जहां उपभोक्ता गैस आपूर्ति से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है।

जिला कंट्रोल रूम के प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव होंगे, जो प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि गैस आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा सके।
ड्यूटी व्यवस्था के अनुसार प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्री शिवकुमार साहू और श्री संजय पांडेय तैनात रहेंगे। दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्री मनोज नायक और श्री विकास कोरी अपनी सेवाएं देंगे। वहीं रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक श्री के.के. श्रीवास्तव और श्री किशन चौरसिया कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर रहेंगे।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और कंट्रोल रूम के माध्यम से गैस सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।