बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान !

Spread the love

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल ने बीना में एक गरिमामय कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने बच्चों की मेहनत और शिक्षकों के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं, उन्हें बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य देकर देश की प्रगति की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है।”

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार: सरकार का त्रिसूत्रीय संकल्प

डॉ. शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्कूलों और अस्पतालों को मंदिर जैसा पवित्र स्थान मानकर संचालित करने की बात कही। उनके अनुसार इन संस्थानों में निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता से कार्य किया जाए, तभी राज्य और देश समग्र विकास की ओर अग्रसर हो सकता है।

असफलता को सफलता की सीढ़ी बनाएं

उपमुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरणा देते हुए कहा, “ऊँचाई पर पहुंचना आसान हो सकता है, लेकिन ऊँचाई पर बने रहना कठिन होता है।” उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली शक्ति दुबे का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने चार बार असफलता के बाद भी हार नहीं मानी और पांचवी बार में इतिहास रच दिया। यह संदेश बच्चों को जीवन में संघर्ष करते हुए डटे रहने की प्रेरणा देता है।

बेटियों की सफलता पर विशेष बधाई

डॉ. शुक्ल ने विशेष रूप से बेटियों के प्रदर्शन की सराहना की, जो बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में अव्वल रहीं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और यह बदलाव समाज की सकारात्मक दिशा को दर्शाता है।

शुद्ध जल और स्वास्थ्य पर बल

डॉ. शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदूषित जल बीमारियों की जड़ है। जल गंगा संवर्धन अभियान और जल जीवन मिशन जैसे सरकारी प्रयासों से घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं।

बच्चों को मिला सम्मान

इस अवसर पर सुम्बल खान, अभय कुर्मी, धैर्य चौबे, नमन राय, गौरव राठौर, विद्या यादव, श्वेता कुर्मी, भूमिका ठाकुर, साक्षी, आदित्य राय, प्रिंसी, यशोदा और मयंक को फूलमाला पहनाकर, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती पूजन और वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को संस्कारमय बना दिया।

जनप्रतिनिधियों ने भी दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा, “बीना के बच्चों ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। मैं स्वयं शिक्षिका रही हूं, इसलिए बच्चों से विशेष लगाव है।”

जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, डॉ. विनोद पंथी, गौरव सारोठिया, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, स्कूल प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं जनसमुदाय कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


यह सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि एक पीढ़ी को प्रेरित करने का प्रयास था। सरकार द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देना, भविष्य की एक मजबूत नींव रख रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि संपूर्ण समाज को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की ओर अग्रसर किया जाता है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *