कुलदेवी की पूजा से ही संस्कारों की पूर्णता – पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, नेतना में मां बीजासन मंदिर का लोकार्पण किया !

Spread the love

पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने नगर परिषद बांदरी के नेतना वार्ड क्रमांक 3 में दुबे परिवार और रजवांस समाज द्वारा निर्मित कुलदेवी मां बीजासन के नवीन मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें नेतना और इमलिया में बाउंड्री वाल, सीसी रोड और बस स्टैंड प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारतीय धर्मशास्त्रों में कुलदेवी की पूजा का विशेष महत्व है। परिवार के सभी संस्कार कुलदेवी की आराधना के बिना अधूरे माने जाते हैं। उन्होंने दुबे परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस मंदिर के निर्माण से न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह स्थल अब क्षेत्र में कथा, भंडारा और कीर्तन जैसे सामाजिक-धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस दौरान उन्होंने बांदरी में बन रहे लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत वाले सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि जुलाई माह से विद्यालय में कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने विद्यालय के कमजोर परीक्षा परिणाम पर चिंता जताते हुए कहा कि लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके विपरीत पिठौरिया विद्यालय के 100 प्रतिशत परिणाम की सराहना करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि बांदरी विद्यालय का परिणाम भी अगले सत्र में बेहतर किया जाएगा।

श्री सिंह ने क्षेत्र की सिंचाई सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उल्दन बांध परियोजना अब पूर्णता की ओर है और आगामी जनवरी-फरवरी से सिंचाई शुरू हो जाएगी। इससे नल-जल योजना को भी पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के कारण जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित हुई है, उन्हें अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने का प्रयास किया गया है और अब सरकार ने मुआवजा राशि चार गुना कर दी है।

उन्होंने यह भी बताया कि नेतना में 115 एकड़ भूमि में तालाब निर्माण से सिंचाई का रकबा बढ़ा है, जिससे फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में वृद्धि हुई है। इस वर्ष लगभग 100 एकड़ में मूंग की खेती की गई है, जो क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है। बीना और उल्दन सिंचाई परियोजनाओं के शुरू होने से किसानों की आय में और वृद्धि होगी।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, नगर परिषद सीईओ संजय समुद्रे सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *