जनगणना 2027 में गंगापुर बना उदाहरण, एचएलओ ऐप से समय पूर्व पूरा हुआ मकान सूचीकरण कार्य !

Spread the love

जनगणना 2027 के अंतर्गत सागर जिले में डिजिटल माध्यम से मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के निर्देशन में गढ़ाकोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगापुर में एचएलओ ऐप के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा इसे समयबद्ध एवं सटीक डेटा संकलन का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार प्रगणक शिवराज केवट द्वारा ग्राम गंगापुर में घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य किया गया। इस दौरान कुल 56 जनगणना मकानों की प्रविष्टि एचएलओ ऐप पर दर्ज की गई। इनमें 07 गैर-आवासीय मकान तथा 42 सामान्य परिवार शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सर्वे के दौरान क्षेत्र में कोई संस्थागत परिवार, अपूर्ण, पूर्ण, लॉक अथवा हटाए गए प्रकरण दर्ज नहीं हुए, जिससे स्पष्ट होता है कि सर्वेक्षण व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि एचएलबी-0145 गंगापुर क्षेत्र में कुल 47 भवनों और 56 जनगणना मकानों की एंट्री एचएलओ ऐप पर सफलतापूर्वक पूर्ण की गई है। इसके साथ ही सभी मकानों पर नंबरिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। मकानों की नंबरिंग होने से डेटा की पहचान, सत्यापन एवं ट्रैकिंग प्रक्रिया और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित हुई है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह कार्य निर्धारित समय से पहले पूर्ण होने का प्रमुख कारण प्रगणक द्वारा की गई पूर्व तैयारी रही। प्रगणक शिवराज केवट ने पहले ही एचएलओ ऐप डाउनलोड कर उसका प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया था। प्रशिक्षण के बाद नियमित रूप से घर-घर सर्वेक्षण कर परिवारों की जानकारी एकत्रित की गई, जिससे कार्य समय-सीमा से पहले पूरा हो सका।

जनगणना कार्य के दौरान प्रत्येक परिवार और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल माध्यम से संकलित की गई। अधिकारियों का कहना है कि एचएलओ ऐप के उपयोग से डेटा संग्रहण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक बनी है। इससे भविष्य में आंकड़ों के विश्लेषण और योजनाओं के निर्माण में भी सहायता मिलेगी।

इस संपूर्ण कार्य का पर्यवेक्षण बृजेंद्र कुमार कुर्मी द्वारा किया गया। वहीं चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार, तकनीकी सहायक प्रियंका कपूर, संजीव सेन तथा फील्ड ट्रेनर मनीष वर्मा और यशपाल कुर्मी के मार्गदर्शन में पूरी टीम ने समयबद्ध एवं सटीक डेटा संकलन सुनिश्चित किया।

प्रशासन का कहना है कि जनगणना 2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाती है। ऐसे में सटीक और अद्यतन आंकड़े एकत्र करना बेहद आवश्यक है।

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में सभी क्षेत्रों में समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि गंगापुर क्षेत्र की तरह जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनगणना कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जाएगा और प्रशासन को विकास योजनाओं के लिए सटीक आधारभूत आंकड़े प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *