इंदौर में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक मामले में बाइक से घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि दूसरे हादसे में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार व्यापारी को कुचल दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक हादसे में आरोपी वाहन की तलाश जारी है, जबकि दूसरे मामले में कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
भंवरकुआ में बाइक सवार युवक की मौत
भंवरकुआ थाना पुलिस के मुताबिक 2 मई की रात शिवाजी नगर निवासी सागर सस्ते (30) अपने घर लौट रहे थे। सागर बाइक से होलकर कॉलेज क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद सागर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एप्पल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पहचान होने पर परिजन उन्हें अरबिंदो अस्पताल ले गए।
परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। चार दिन पहले डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर स्थिति में एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सागर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की शादी महाराष्ट्र में हो चुकी है। परिवार उसके विवाह की तैयारी कर रहा था और रिश्ते की तलाश चल रही थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
भंवरकुआ पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान हो सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार कार ने व्यापारी की ली जान
वहीं दूसरे मामले में खुड़ैल थाना क्षेत्र में इंदौर-नेमावर रोड पर हुए सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यापारी की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा 3 मई को ग्राम सिंधी बरौदा के पास डायमंड क्रिस्टल प्राइवेट लिमिटेड कांच फैक्ट्री के सामने हुआ। मृतक की पहचान तुषार शाह (60) निवासी महावीर नगर, तिलक नगर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तुषार शाह एक्टिवा क्रमांक MP09-EA5178 से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार (MP09-WM8270) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
हादसे में तुषार शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इंडेक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार चालक पर मामला दर्ज
पुलिस ने जांच के दौरान कार नंबर की पहचान कर ली है। इसके आधार पर कार चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और हादसे के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
इंदौर में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।