भोपाल की हनुमानगंज थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति भोपाल रेलवे स्टेशन के पास एमडी ड्रग्स लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में घेराबंदी कर दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने किरण लॉज के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान अबरार खान के रूप में
पुलिस ने आरोपी की पहचान अबरार खान के रूप में की है। वह बरखेड़ी और जहांगीराबाद क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। आरोपी के पिता का नाम स्वर्गीय मुस्ताफा खान बताया गया है और उसकी उम्र करीब 50 वर्ष है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है। उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में मारपीट, जुआ, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े करीब एक दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी एमडी ड्रग्स कहां से लाता था और इसे किन लोगों तक सप्लाई करता था। इसके अलावा उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
शहर में बढ़ती ड्रग तस्करी पर पुलिस सतर्क
भोपाल में हाल के महीनों में एमडी ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और ड्रग नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल हनुमानगंज थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है।