शाहपुर दोहरे हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या को सड़क हादसा दिखाने की रची थी साजिश !

Spread the love

सागर। शाहपुर में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सानौधा थाना पुलिस ने मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अवैध शराब बेचने के संदेह में दो युवकों पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया था। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार 8 मई की रात आरोपियों नीलेश अहिरवार, अंशुल यादव और उनके तीन अन्य साथियों ने सूरज अहिरवार तथा नीरज प्रजापति के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने 10 मई को अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सड़क हादसा दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नीरज का शव और क्षतिग्रस्त बाइक सड़क किनारे फेंक दी थी, ताकि मामला हादसा लगे।

इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने अपनी बोलेरो वाहन को भी जानबूझकर सड़क किनारे खंती में उतार दिया था। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

पुलिस दबिश में पकड़ा गया मुख्य आरोपी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी नीलेश अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी दौरान गिर पड़ा और उसके दाहिने पैर में चोट लग गई।

वहीं दूसरे आरोपी अंशुल यादव को पुलिस ने अमोदा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह प्रदेश से बाहर भागने की तैयारी में था और इसी सिलसिले में परिजनों से मिलने आया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी नीलेश अहिरवार का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है।

वहीं आरोपी अंशुल यादव के खिलाफ भी बंडा थाना क्षेत्र में मारपीट का मामला दर्ज है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में अभी तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। फरार आरोपियों में भगवत पटेल, छोटू उर्फ हर्ष सिंह और अभिषेक पटेल शामिल हैं।

पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में हुआ था विरोध प्रदर्शन

इस हत्याकांड के बाद शाहपुर क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। नीरज की मौत के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था और शराब दुकान में आगजनी की घटना भी सामने आई थी। वहीं सूरज अहिरवार की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *