गौरझामर के पिपरिया बेन में संदिग्ध हालात में 22 वर्षीय युवक की मौत, मारपीट और जहर देने के आरोप, पुलिस जांच जारी !

Spread the love

सागर: गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया बेन में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन गंभीर अवस्था में युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रामकृष्ण प्रजापति (22 वर्ष), निवासी पिपरिया बेन के रूप में हुई है। मृतक के पिता पुरुषोत्तम प्रजापति ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे की मारपीट कर हत्या की गई है और उसे जहरीला पदार्थ दिया गया है। उन्होंने इस पूरे मामले में मृतक के मामा ससुर और उनके साथ आए लोगों पर आरोप लगाए हैं।

परिजनों के अनुसार घटना बुधवार की है, जब रामकृष्ण अपनी पत्नी के साथ गौरझामर क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। यह शादी डोमा जैतपुर क्षेत्र में मामा ससुर के परिवार में थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर वापस घर लौट आया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पिता पुरुषोत्तम प्रजापति ने बताया कि मामा ससुर ने पत्नी को वापस ले जाने की बात कही, लेकिन बेटे ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उसे अगले दिन काम पर जाना है और घर पर खाना बनाना होगा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और वह लोग नाराज होकर घर पहुंच गए।

आरोप है कि कुछ देर बाद मामा ससुर अपने साथियों के साथ मृतक के घर पहुंचे और बहू को साथ ले जाने की जिद करने लगे। जब रामकृष्ण ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उसे कुछ संदिग्ध पदार्थ भी पिला दिया गया।

घटना के समय मृतक के पिता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वे पहुंचे तो कुछ लोग रामकृष्ण को पीट रहे थे। उनके पास पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग गए। उन्होंने यह भी बताया कि युवक पानी मांग रहा था और उसकी हालत गंभीर थी। उसके मुंह से बदबू आ रही थी, जिससे जहरीला पदार्थ दिए जाने की आशंका और बढ़ गई।

परिजन तुरंत उसे एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूखी ने बताया कि युवक की मौत के मामले में मर्ग कायम किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस घटना ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *