खुरई की आदर्श नगर कॉलोनी में दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश !

Spread the love

बीना/खुरई। सागर जिले के खुरई शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला जगदीशपुरा बायपास चौराहा स्थित आदर्श नगर कॉलोनी का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार पहली चोरी की वारदात आदर्श नगर कॉलोनी स्थित मकान नंबर एलआईजी-212 में हुई। यह मकान चंद्रकांत चौबे (30) का बताया जा रहा है। चंद्रकांत अपनी पत्नी के इलाज के लिए सागर गए हुए थे। घर पर उनके साले अंकित पाराशर रुके हुए थे। शनिवार रात करीब अंकित घर से कुछ दूरी पर समोसा लेने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे दिया।

बताया जा रहा है कि जब अंकित वापस लौटे तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर खुले हुए थे। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो चुके थे। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, सोने की माला, सोने का हार, चांदी की चेन, 6 जोड़ी पायल, बच्ची की पायल, कंगन, चांदी का पेंडल और करीब 40 हजार रुपए नकद शामिल हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इसी कॉलोनी में दूसरी चोरी की घटना कृषि विस्तार अधिकारी महेंद्र सिंह जाटव के घर में हुई। महेंद्र सिंह जाटव आदर्श नगर कॉलोनी के एलआईजी-117 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं और वे शनिवार को अपने कार्यालय ड्यूटी पर गए थे। देर शाम जब वे घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कमरे का सामान बुरी तरह फैला हुआ था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखे जेवर तथा नकदी गायब थे। चोर सोने की चैन, दो सोने की अंगूठियां, झुमकी की एक जोड़ी और लगभग एक लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित अधिकारी के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए आंकी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि चोरों ने पहले दोनों घरों की रेकी की थी। दोनों ही घरों में परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे या घर कुछ समय के लिए खाली था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से इस बात की जानकारी थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में एक ही गिरोह शामिल है या अलग-अलग बदमाशों ने घटनाओं को अंजाम दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सूने मकान, बंद दुकानें और अकेले घर बदमाशों के निशाने पर हैं। इसके बावजूद पुलिस चोरियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों की निगरानी की मांग की है।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि चोर अब बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में दो पुलिस थाने होने के बावजूद अपराधियों में पुलिस का डर दिखाई नहीं दे रहा। कई रहवासी अब अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और निजी सुरक्षा इंतजाम करने की तैयारी कर रहे हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

लगातार हो रही चोरियों ने खुरई और बीना क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *