पीएम आवास नहीं मिलने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा !

Spread the love

दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से नाराज एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतरा।

जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय नारायण पटेल सोमवार शाम करीब 6 बजे गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई लगभग 100 फीट बताई जा रही है। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि नारायण पटेल प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास नहीं मिलने से परेशान था। उसके भाई कमलू पटेल ने बताया कि वह लंबे समय से पीएम आवास योजना का लाभ मिलने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन अब तक उसे योजना का फायदा नहीं मिला।

परिजनों का आरोप है कि जब नारायण इस संबंध में पंचायत में बात करने गया था, तब वहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसी घटना से आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया और गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पथरिया थाना प्रभारी श्याम सुंदर दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे तक पुलिस और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे।

थाना प्रभारी श्याम सुंदर दुबे ने युवक को अंधेरा होने और जान को खतरा होने की बात समझाई। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद रात करीब 9 बजे युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में था। थाना प्रभारी के अनुसार टावर पर चढ़ने के बाद युवक कभी पीएम आवास की मांग कर रहा था, तो कभी अपनी शादी कराने की जिद पर अड़ गया था। हालांकि पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभाल लिया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी।

घटना के दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा रही। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए, जबकि परिजन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की गुहार लगाते रहे।

दमोह जिले में बढ़ रही टावर पर चढ़ने की घटनाएं

गौरतलब है कि दमोह जिले में पिछले कुछ दिनों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 15 दिनों के भीतर टावर पर चढ़ने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।

इससे पहले तेंदूखेड़ा क्षेत्र में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया था। वहीं चार दिन पहले फुटेराकला गांव में भी एक युवक अपनी शादी की मांग को लेकर बिजली टावर पर चढ़ गया था। उस युवक को मंत्री लखन पटेल से बात कराने के आश्वासन के बाद नीचे उतारा गया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि सामाजिक और आर्थिक समस्याओं के कारण लोग इस तरह के खतरनाक कदम उठा रहे हैं। ऐसे मामलों में समय रहते संवाद और समाधान जरूरी है, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो।

फिलहाल पुलिस ने युवक को सुरक्षित घर भेज दिया है और मामले की जानकारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *