ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक: सुरक्षा, पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्थाओं पर प्रशासन अलर्ट !

Spread the love

दमोह। दमोह कोतवाली थाना परिसर में शनिवार शाम आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और यातायात सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आवश्यक सुझाव और मांगें रखीं।

बैठक में एचआर पांडे, राजेंद्र सिंह लोधी, मनीष कुमार और दलवीर सिंह मार्को सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मुस्लिम समाज की ओर से विभिन्न मस्जिदों और मोहल्लों के प्रतिनिधियों ने बैठक में शामिल होकर त्योहार से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी।

बैठक के दौरान विशेष रूप से ईदगाह मस्जिद और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने की मांग उठाई गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ईद के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहना जरूरी है।

सीएसपी एचआर पांडे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

मनीष कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए जिससे लोकशांति भंग हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

बैठक में नगर पालिका से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर मांगें प्राप्त हुई हैं। ईदगाह मस्जिद के पास अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की भी बात सामने आई।

उन्होंने आश्वासन दिया कि त्योहार से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। नगर पालिका द्वारा प्रमुख मार्गों और मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया जाएगा।

बैठक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर का भ्रमण कर विभिन्न धार्मिक स्थलों और ईदगाह मस्जिद का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, पानी, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

सीएसपी एचआर पांडे ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया गया है और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जहां जिस प्रकार की व्यवस्था की आवश्यकता होगी, वहां प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाएगा।

बैठक में कपिल सोनी, आजम खान, शहजाद खान और अहमद डायमंड सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि दमोह हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक रहा है तथा आगामी ईद पर्व भी इसी परंपरा के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *