सुरखी में विकास की नई इबारत: 400 करोड़ का देहरा बांध बनेगा, 25 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ : मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत !

Spread the love

सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की श्रृंखला में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। चौकी–मनकापुर क्षेत्र के बीच 400 करोड़ रुपये की लागत से देहरा बांध का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के कृषि एवं सिंचाई ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। इस परियोजना से लगभग 34 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, करीब 9 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 25 हजार से अधिक किसान इससे लाभान्वित होंगे।

यह जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के खजुरिया में आयोजित करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने कहा कि अब सुरखी क्षेत्र का किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से वह पंजाब और हरियाणा जैसे समृद्ध कृषि राज्यों की तर्ज पर आधुनिक और उन्नत खेती कर सकेगा।

मंत्री श्री राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय था जब सुरखी क्षेत्र में सिंचाई के साधनों का अभाव था, लेकिन वर्तमान में लगातार जल परियोजनाओं के विस्तार से पूरा क्षेत्र कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने बताया कि जेरा परियोजना, परकुल परियोजना, मढ़िया बांध, मिडवासा परियोजना, अमोदा-कंदेला परियोजना, पड़रिया बांध और कालीपठार जलाशय जैसी योजनाओं ने क्षेत्र के किसानों की तस्वीर बदल दी है। इन परियोजनाओं से हजारों किसान लाभान्वित होकर आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल योजनाओं का परिणाम नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के साथ विकास कार्यों को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, हर घर नल-जल योजना से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, और उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है, किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है, तथा लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्वच्छ भारत मिशन, सड़क निर्माण और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान खजुरिया, नौरजा, मुगरयाऊ सहित कई ग्रामों में पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, नल-जल योजना, चबूतरा निर्माण, तालाब जीर्णोद्धार एवं सड़क निर्माण जैसे अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण और सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार ही आने वाले समय में क्षेत्र की समृद्धि की आधारशिला बनेगा। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।

कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह एवं जनसमर्थन का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *