सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेरखेड़ी के पास हाईवे किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव चादर में लिपटा हुआ था, जिससे प्राथमिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने बेरखेड़ी के पास हाईवे किनारे शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृत महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच अनुमानित की गई है। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। महिला के हाथ और पैरों में चांदी जैसे आभूषण भी पाए गए हैं, जिससे पहचान में मदद की उम्मीद जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और की गई होगी और उसके बाद शव को चादर में लपेटकर सुनसान स्थान पर हाईवे किनारे फेंक दिया गया है, ताकि पहचान और जांच से बचा जा सके।
घटना के बाद राहतगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
राहतगढ़ थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों से गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस जल्द ही महिला की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा करने की कोशिश में जुटी हुई है।