सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित खेल परिसर के सामने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून की रात फरियादी अतुल मिश्रा अपने साथियों के साथ खेल परिसर मेला ग्राउंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अंकित दक्ष और उसका साथी बिट्टू प्रजापति वहां पहुंचे और अतुल मिश्रा से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। फरियादी द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अंकित दक्ष ने धारदार हथियार से अतुल मिश्रा पर हमला कर दिया। चाकू लगने से अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए मंगलवार को अंकित पिता रमेश दक्ष निवासी शांति होटल के पास, गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि चाकूबाजी की घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।