भाजपा सरकार ने बदली बीना की तस्वीर, रिफाइनरी से सिंचाई परियोजना तक विकास को मिली नई दिशा: भूपेन्द्र सिंह !

Spread the love

बीना। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि बीना के विकास का पूरा श्रेय भाजपा सरकारों को जाता है। बीना में रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, सड़क और रेलवे अवसंरचना सहित अनेक बड़े विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही साकार हुए हैं। उन्होंने यह बात बीना में पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता करोड़ी यादव के नए पारिवारिक प्रतिष्ठान जिम के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री भूपेन्द्र सिंह ने बीना क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीना आज जिस विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, वह योजनाबद्ध सोच और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि बीना नदी सिंचाई परियोजना की चर्चा पिछले लगभग 50 वर्षों से होती रही, लेकिन कांग्रेस सरकारों के दौरान यह योजना केवल फाइलों तक सीमित रही। भाजपा सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को न केवल स्वीकृति प्रदान की बल्कि उसे पूरा भी कराया। इस परियोजना से बीना ब्लॉक के 139 गांवों को सिंचाई का लाभ मिलेगा, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

पूर्व मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से ही बीना नदी पर निर्मित बांध में जलभराव शुरू हो गया था और वर्तमान में लगभग 50 किलोमीटर तक अथाह जलराशि मौजूद है। उन्होंने कहा कि परियोजना की उपयोगिता को देखते हुए आसपास के और गांवों को भी इससे जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

अपने संबोधन में श्री भूपेन्द्र सिंह ने बीना और खुरई के विकास को एक-दूसरे का पूरक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नगरों का विकास समान गति से हो रहा है और आने वाले पांच से दस वर्षों में दोनों क्षेत्रों का इतना विस्तार हो जाएगा कि इनके बीच की सीमाएं लगभग समाप्त होती दिखाई देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बीना में रेलवे ओवरब्रिज, सड़क संपर्क मार्गों का विस्तार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। वर्तमान में बायपास निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है, जो भविष्य में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाएगी।

उन्होंने कहा कि बीना और खुरई दोनों क्षेत्रों के विकास की अपार संभावनाएं हैं और इन्हें एक साझा विकास दृष्टि के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए। योजनाबद्ध तरीके से दोनों क्षेत्रों का विकास न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा बल्कि रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि बीना क्षेत्र के अनेक मरीज वर्तमान में खुरई सिविल अस्पताल में डायलिसिस कराने जाते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण वहां डायलिसिस की दो शिफ्टें संचालित करनी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय द्वारा संचालित ब्लड हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से बीना सहित आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बीना अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा प्रदान किया गया है। इससे अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री भूपेन्द्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा के शुरुआती संघर्षपूर्ण दौर को याद करते हुए वरिष्ठ नेता करोड़ी यादव के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की आवश्यकता थी, तब करोड़ी यादव ने तन, मन और धन से संगठन का सहयोग किया। उन्होंने उनके नए प्रतिष्ठान की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम को पूर्व विधायक महेश राय तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं शहडोल संगठन प्रभारी गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया। दोनों वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठन की मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए।

बीना और खिमलासा क्षेत्र में पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह का विभिन्न स्थानों पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिमलासा में नंदराम चौरसिया और शैलेंद्र सिंह बुंदेला ने चार पंखा एवं वाटर सांकल भेंट कर उनका सम्मान किया। वहीं मेहुल यादव ने स्टेशनरी सामग्री और पुस्तकों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। बीना पहुंचने पर भाजपा जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर रोरी तिलक एवं उपयोगी सामग्री भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर अनुराधा यादव, रमाकांत बिलैया, राजेंद्र यादव, संतोष ठाकुर, लोकेन्द्र ठाकुर, अजय ठाकुर, लता सखवान, प्रीति नायक, वैभव दुबे, नवीन चंदेल, अमर प्रताप सिंह ठाकुर, शिवकुमार ठाकुर, घनश्याम साहू, राजू नायक, मनोज शर्मा, शैलेष शाह, सचिन समैया, प्रकाश ठाकुर, नीतू राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और क्षेत्र के विकास को लेकर भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *